Friday 3 June 2016

// तमाम "दुकान" रुपी संगठन और संस्थाओं से मुक्ति पाना ही होगा ..//


कृष्ण भगवान् से ताल्लुक मथुरा का जवाहर बाग़ .... आज सुर्ख़ियों में है .... कृष्ण के कारण नहीं - और इसलिए भी नहीं कि इसका नाम जवाहरलाल नेहरू के नाम पर है .. अपितु इसलिए कि यहाँ अवैध कब्ज़ा हो गया था - वो भी लगभग २ वर्ष पूर्व ....

और वहां का प्रशासन - सत्ता पक्ष - विपक्ष - जन प्रतिनिधि सभी सो रहे थे - या जागते हुए भी नकारा चौकीदारों की फ़ौज माफिक जागते रहो का नारा लगा रहे थे .... और सब ठीक ठाक - ढंग तरीके से - मन माफिक - सुचारु रूप से चल रहा था - चलाया जा रहा था .... शायद इसलिए भी कि कब्ज़ा एक व्यक्ति का नहीं था - बल्कि कब्ज़ा एक संगठन का था - जो अपने आपको 'सत्याग्रह' - 'आज़ाद हिन्द' - 'धार्मिकता' आदि तत्वों से सम्बद्ध स्थापित करने में सक्षम था - सफल था ....

और शायद ऐसा ही चलता रहता - पर सौभाग्य से इस देश में कुछ आम नागरिक भी हैं जो जागरूक भी हैं - सो वे मामले को ले गए न्यायालय में - और सिद्ध कर दिया कि ये अवैध कब्ज़ा है शासकीय ज़मीन पर .... और दुर्भाग्य आज की सरकारों का कि एक बार फिर न्यायपालिका ने हस्तक्षेप रुपी डंडा कर दिया कार्यपालिका में - और आदेश दे दिया कि - नामुराद झकोरों "अपनी" ज़मीन मुक्त करवाओ अवैध कब्ज़े से ....

और न्यायलय के आदेश के बाद ही झकोरे हरकत में आए - और पहुँच गए दलबल सहित जवाहर बाग़ - वैध रूप से - वहां से अवैध कब्ज़ा हटाने ....

और फिर जो हो गया वो आज के समाचारों की सुर्खियां है - २ पुलिस कर्मी मारे गए - और बेचारे २२ सत्याग्रही चोला छोड़ अपनी आत्मा को समेट लीन हो गए परमात्मा में - जिसे आप दुनियावी भाषा में ऐसा भी कह सकते हैं कि शहीद हो गए - अपनी संस्था या संगठन के लिए ....

और अब आगे क्या ???? .... मेरी तुच्छ टिप्पणियां ....

मथुरा सांसद लीन है मुंबई में फिल्म की शूटिंग करने में .... बेचारी !!
उत्तर प्रदेश पुलिस व्यस्त है अपने साथियों की अंत्येष्ठी में ....
उत्तर प्रदेश सरकार तैयार है अपना दम ठोंकने में कि न्याय व्यवथा भंग करने का अधिकार किसी को नहीं दिया जा सकता ....
केंद्र सरकार मौके पर नज़र रखे है - हमेशा की तरह चौकन्नी या चवन्नी ....
कांग्रेस बसपा तैयार है सपा और भाजपा को घेरने में ....
भाजपा तैयार होगी असली मुद्दे को उठाने में कि आखिर इस बाग़ का नाम 'जवाहर बाग़' क्यों ?? .. 'ऋषि बाग़' क्यों नहीं ??

और मैं हमेशा की तरह विचलित हूँ परेशान हूँ - और फुर्सत में व्यस्त हूँ .. तंज़ करने में - क्रोध करने में - लपेट कर गालियां देने में - और मेरी औकात अनुसार ऐसे लेख लिखने में ....

और आपने पढ़ मारा - इसके लिए धन्यवाद !!

पर आगाह करना चाहूंगा कि ऐसी तमाम "दुकान" रुपी संगठन और संस्थाओं से मुक्ति पाना ही होगा - केवल जवाहर बाग़ को अवैध कब्ज़े से मुक्त करा लेने से कुछ नहीं होने जाने वाला ....

इसलिए सावधान !! .. धार्मिक लुब्बेलुबाबों से बचें - साम्प्रदायिकता से बचें - अवैध लोगों से बचें .... जय हिन्द !!

// मेरे 'fb page' का लिंक .... << https://www.facebook.com/bpdua2016/?ref=hl >> //

No comments:

Post a Comment