Thursday 10 December 2015

// गरीब इंसान का हो या ना हो - भैंस - लाठी - गाय आदि का महत्व कायम है ..//


आज सलमान बरी कर दिए गए .... इसलिए कह सकते हैं बरी हुए ....

एक गरीब बहुत पहले इसी प्रकरण में बरी कर दिया गया था - इस दुनिया से बरी - नाम था नुरूला ....
पर उसे बरी किसने किया था - इस बात का पुख्ता पता तो था पर पुख्ता सबूत नहीं ....
ठीक वैसे ही जैसे पता होता है कि दंगे कौन करा गया - पर साबित नहीं हो पाता - या साबित नहीं होने दिया जाता - या साबित नहीं किया जाता .... और यदि गलती से भी साबित हो जाए तो ना-ना प्रकार से नकार दिया जाता है .... 

वैसे ही एक काला हिरण भी तो इस दुनिया से बरी किया गया था .... पर अब तक क्या हुआ - और क्या होगा ?? ..आज के बाद मुझे विश्वास हो गया है कि - सलमान खान एक बार फिर कभी बरी कर दिए जाएंगे ....

क्योंकि मुझे पक्का यकीन है कि इस देश में कानून तो एक है और वो सब के लिए एक सामान है - पर निश्चित ही न्याय गरीब को नहीं मिल पाता है और अमीर न्याय को एन-केन-प्रकारेण प्राप्त कर ही लेता है ....

पर क्या ऐसा भी है कि इस देश में दो कानून हैं - एक सत्ता पक्ष के लिए और दूसरा विपक्ष के लिए ?? जवाब इसका भी कुछ यूं ही है - इस देश में कानून तो एक है और वो सब के लिए एक सामान है - पर निश्चित ही अन्याय विपक्ष को चिपका दिया जाता है और सत्ता पक्ष न्याय को एन-केन-प्रकारेण प्राप्त कर ही लेता है .... और इसलिए मुजरिम के लिए बच निकलने का सबसे श्रेयस्कर तरीका सत्ता प्राप्त कर लेना ही होता है ....

यानि काली पट्टी बंधे अंधे कानून के लिए अभी भी भैंस कि युक्ति चिपकी हुई है .... जिसकी लाठी उसकी भैंस .... और आगे जोड़ दूँ .... जिसकी भैंस लाठी रखने का हक़ उसी के पास .... और जिसके पास गाय - बन्दूक उसी की .... और जिसके पास बन्दूक - सत्ता उसीकी .... और जिसके पास सत्ता - न्याय उसी के पक्ष में ....

यानि वर्षों से आज़ाद इस देश में अभी तक गरीब इंसान का कोई महत्व हो या ना हो - पर भैंस - लाठी - गाय आदि का महत्व कायम है !!!!

No comments:

Post a Comment